समय का महत्व


समय बहुत ही मूल्यवान है, व्यर्थ कभी मत खोना,
चला गया तो समय लौटकर, कभी नहीं फिर आता। 
सदा समय को खोने वाला, मल-मल हाथ पछताता,
जिसने इसे न माना उसको समय सदा ठुकराता | 
लाख यत्न करने पर भी फिर हाथ न उसके आता, 
हो जाता है एक घड़ी के लिए जन्म-भर रोना। 
समय बहुत ही मूल्यवान है, व्यर्थ कभी मत खोना।

घन खो जाता, श्रम करने से फिर मनुष्य है पाता, 
स्वास्थ्य बिगड़ जाने पर, उपचारों से है बन जाता। 
विद्या खो जाती, फिर भी पढ़ने से है आ जाती, 
लेकिन खो जाने से मिलती नहीं समय की थाती । 
जीवन भर भटको छानो दुनिया का कोना-कोना, 
समय बहुत ही मूल्यवान है, व्यर्थ कभी मत खोना ।

किया मान आदर जिसने भी, और इसे अपनाया, 
जिसने आँका मूल्य उससे इसने है अमर बनाया। 
महापुरुष हो गए विश्व में जितने यश के भागी, 
सब जीवन पर्यंत रहे हैं पल-पल के अनुरागी। 
उचित प्रयोग समय का ही है, सफल मनोरथ होना, 
समय बहुत ही मूल्यवान है, व्यर्थ कभी मत खोना।।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

रामधारी सिंह दिनकर कविताएं संग्रह

आंकड़ों का आरेखी प्रस्तुतीकरण Part 3 (आंकड़ों का प्रस्तुतीकरण) 11th class Economics

मेसोपोटामिया सभ्यता का इतिहास (लेखन कला और शहरी जीवन 11th class)